
राहुल गांधी के इस्तीफे को स्वीकारे जाने और सोनिया गांधी को अध्यक्ष बनाए जाने के बाद जहां एक तरफ सोनिया गांधी को पुनः अध्यक्ष बनाए जाने के लिए बधाई मिल रही है तो वही राहुल गांधी द्वारा पार्टी संचालन किए जाने के लिए उन्हें धन्यवाद भी किया जा रहा है।
कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल को धन्यवाद और सोनिया को बधाई दे रहे हैं , इस क्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने सोनिया गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि माँ स्वरूपा सोनिया गांधी, अब हमारी अध्यक्ष हैं, वो दुर्गा की तरीके से कांग्रेस विरोधी ताकतों के खिलाफ, संघर्ष करेंगी।
हरीश रावत ट्विट करते हुए कहा कि राहुल गांधी जी ने कांग्रेस को अत्यधिक कठिन समय में शानदार नेतृत्व दिया, हम उनके आभारी हैं। सोनिया जी ने हम सबका आग्रह स्वीकार कर, कांग्रेस का अंतरिम अध्यक्ष बनना स्वीकार किया, उसके लिये सोनिया जी का भी हम आभार व्यक्त करते हैं, उनको धन्यवाद देते हैं।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और लोकतांत्रिक मूल्यों, संस्थाओं, लोकतांत्रिक व्यवहार और सहिष्णुता के भारक को बचाने का, आजादी के मूल्यों को बचाने का, इस महायुद्ध के नायक श्री राहुल गांधी ही होंगे। महाभारत में भी अर्जुन के पास कोई पद नहीं था, वो सेनापति भी नहीं थे, वो सारथी भी नहीं थे। हरीश रावत ने कहा कि मगर उन्होंने भारतीय लोकतांत्रिक राजनीति में एकाउंटबिलिटी का एक बङा पक्ष उभारा है, जो आगे आने वाले दिनों में कांग्रेस की शक्ति बनेगा। मैंने पहले भी कहा, मैं अब भी कह रहा हॅू कि, यह धर्मयुद्ध है।
सोनियो गांधी और राहुल गांधी को लेकर किए गए ट्विट में पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अब सारथी की भूमिका में सोनिया गांधी हैं और अर्जुन की भूमिका में राहुल गांधी हैं, और निश्चित तौर पर उत्तर प्रदेश में, मर्म में, राजनीति के गर्भ स्थल में, दायित्व संभाल रही प्रियंका गांधी भीम की भूमिका में हैं।
राहुल इस्तीफे के बाद किस भूमिका में रहते हैं ये तो पार्टी ने नही तय किया है पर अंतरिम अध्यक्ष के रूप में सोनिया गांधी के सामने कई चुनौती है। जिसमे सबसे बड़ा चुनौती पार्टी को एकजुट रखना है।