हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नगर निकाय चुनाव में नगर निकाय चुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा को कांग्रेस ने पटकनी दे दी है।
सोलन जिले के चार निकायों में हुए चुनाव में कुल 34 सीटों में से कांग्रेस ने 17 पर बढ़त हासिल कर विजय पताका लहरा दी है। जबकि भाजपा 14 सीटों पर सिमट कर रह गई है। वहीं, तीन निर्दलीय उम्मीदवारों ने नगर निकाय चुनाव में जीत दर्ज कर अपनी अहमियत साबित की है। खासकर भाजपा की नजर अब इन निर्दलीय उम्मीदवारों पर टिकी है। चुंकि निर्दलीय उम्मीदवार अध्यक्ष पद की कुर्सी तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
शहरी निकाय के रविवार को हुए चुनाव में जहां भाजपा को जिला में झटका लगा है। वहीं, जयराम सरकार में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल के विस क्षेत्र परवाणू नगर परिषद में भी भाजपा असर नहीं दिखा पाई।
यहां भाजपा को महज तीन सीटों से संतोष करना पड़ा है। जबकि कांग्रेस ने अपना वर्चस्व बरकरार रखते हुए पूर्व नप अध्यक्ष समेत पांच सीटों पर जीत दर्ज की है। यहां एक निर्दलीय प्रत्याशी भी जीता है। इसके अलावा बद्दी नगर परिषद में पूर्व अध्यक्ष समेत उपाध्यक्ष धराशाही हो गए हैं।
यहां भाजपा को चार और कांग्रेस को भी चार सीटें मिली हैं। जबकि एक निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है, जो अध्यक्ष पद के लिए अहम भूमिका निभा सकता है। चारों निकायों में केवल नालागढ़ में भाजपा को बढ़त हासिल हुई है। इस नप में भाजपा के पांच और कांग्रेस तीन जबकि एक निर्दलीय प्रत्याशी चुनकर आए हैं। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के विधानसभा क्षेत्र अर्की में कांग्रेस का दबदबा बरकरार रहा है। यहां कांग्रेस ने पांच सीटों पर जीत दर्ज की है जबकि भाजपा दो पर ही सिमट गई।
जिला सोलन चुनाव नतीजे
कांग्रेस-17
भाजपा-14
अन्य-3
अर्की नगर पंचायत में
कांग्रेस पांच, बीजेपी दो सीटें
नालागढ़ नगर परिषद में
पांच भाजपा, तीन कांग्रेस और एक निर्दलीय
परवाणू नगर परिषद में
कांग्रेस पांच भाजपा तीन एवं निर्दलीय एक
नगर परिषद बद्दी में
चार भाजपा, चार कांग्रेस, 1 निर्दलीय



























































