तमिलनाडु में हाल ही में हुए स्थानीय निकाय चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी डी कार्तिक बुरी तरह पराजित हुए। भाजपा उम्मीदवार डी कार्तिक को परिवार में पांच सदस्य होने के बावजूद केवल एक वोट मिला है।
डी कार्तिक कोयंबटूर जिले के पेरियानाइकनपालयम संघ में वार्ड सदस्य के पद के लिए चुनाव लड़ा था। इस घटना से उनकी उम्मीदवारी का मजाक बन गया और यह खबर मीडिया में फैल गई और Single_Vote_BJP हैशटैग के साथ वायरल हो गई जो ट्विटर पर ट्रेंड करने लगी।
लेखिका और कार्यकर्ता मीना कंदासामी ने ट्वीट करते हुए कहा, “स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा उम्मीदवार को केवल एक वोट मिलता है। अपने घर के चार अन्य मतदाताओं पर गर्व है जिन्होंने दूसरों को वोट देकर जिताया।
जबकि इस खबर पर सफाई देते हुए कार्तिक ने कहा, “मैंने भाजपा की ओर से चुनाव नहीं लड़ा था. मैंने कार के चिन्ह पर एक निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था. मेरे परिवार के पास चार वोट हैं और सभी वोट पंचायत के वार्ड 4 में हैं.”
उन्होंने आगे बताया, “वार्ड नंबर 9 जहां से मैंने चुनाव लड़ा था, वहां मेरे परिवार के चार सदस्यों और मेरा कोई वोट नहीं है. इस बीच, सोशल मीडिया में ट्रोलर्स द्वारा मेरा गलत उल्लेख किया जा रहा है कि मैंने भाजपा की ओर से चुनाव लड़ा था और मैंने मेरे परिवार के सदस्य का वोट भी नहीं मिला, जो सच नहीं है.”
राज्य में स्थानीय निकाय चुनाव 6 और 9 अक्टूबर को हुए थे। कुल 27,003 पदों के लिए 79,433 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा था। कार्तिक ने अपने पोस्टरों के साथ पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह जैसे केंद्रीय नेतृत्व के प्राथमिक चेहरों के साथ भारी प्रचार किया, फिर भी वह केवल एक वोट सुरक्षित कर सके।



























































