कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के 68वें दिन राहुल गांधी महाराष्ट्र के हिंगोली पहुंचे जहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया।
सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा और कहा कि, सशस्त्र बलों के लिए ‘अग्निपथ’ भर्ती योजना, नोटबंदी और वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) नीतियों का उद्देश्य देश के लोगों में डर पैदा करने का रहा है।
राहुल गांधी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री ‘मेड इन चाइना’ उत्पाद चाहते हैं क्योंकि इससे देश के ”दो-तीन अरबपतियों” को फायदा होगा। उन्होंने कहा, ”नरेंद्र मोदी जी क्या कर रहे हैं? वें भय, हिंसा और नफरत फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। चाहे नोटबंदी हो, अग्निवीर, जीएसटी… उनकी सभी नीतियां लोगों में भय पैदा करने वाली रही हैं। जो डर जाता है, उसके दिल में नफरत होती है, जो समाज को विभाजन की ओर ले जाती है। और फिर कहते हैं कि वे देशभक्त हैं।
राहुल गांधी ने राष्ट्रीय स्वयंसेक संघ (आरएसएस) पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया, ”किसानों का कर्ज माफ नहीं करना देशभक्ति है, गलत जीएसटी लागू करना देशभक्ति है, देश में नफरत फैलाना देशभक्ति है, कृषि कानून लाना देशभक्ति है, बेरोजगारी देशभक्ति है और महंगाई देशभक्ति है। यह भारत की देशभक्ति नहीं है। यह आरएसएस की देशभक्ति है। इससे पहले दिन में, वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि, भारत के पहले प्रधानमंत्री की जयंती के अवसर पर यात्रा के प्रतिभागियों को पंडित जवाहरलाल नेहरू की किताब ‘भारत की खोज’ की 600 प्रतियां बांटी जाएंगी। बता दें कि, ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को महाराष्ट्र में एक दिन का विराम दिया गया था। सोमवार को यात्रा हिंगोली में कलमनूरी से आगे वाशिम की ओर बढ़ी।
आपको बता दें कि, ‘भारत जोड़ो यात्रा’ तमिलनाडु के कन्याकुमारी से सात सितंबर को शुरू हुई थी। यात्रा अब तक छह राज्यों में 28 जिलों से गुजर चुकी है। मध्य प्रदेश में 20 नवंबर को प्रवेश करने से पहले यात्रा महाराष्ट्र के पांच जिलों में लोगों से संपर्क करते हुए 382 किमी का रास्ता तय करेगी। यात्रा लगभग 150 दिन में 3,570 किमी की दूरी तय करने के बाद जम्मू-कश्मीर में समाप्त होने से पहले 12 राज्यों से होकर गुजरेगी।




























































